अमृतपुर। गंगा में आई बाढ़ खत्म हुए 12 दिन बीत चुके हैं। अभी तक कटी सड़कों की मरम्मत शुरू नहीं की गई। इससे बाढ़ प्रभावित गांवों में आवागमन प्रभावित है। मुख्यमंत्री के आदेश भी बेअसर साबित हो रहे हैं। तहसील क्षेत्र की 47 सड़कें कटी हैं।
गंगा में आई भयानक बाढ़ का पानी करीब डेढ़ माह तक सड़कों पर बहता रहा। इससे तहसील क्षेत्र में करीब 47 सड़कें कट गई हैं। सड़कें कट जाने से ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। बाढ़ समाप्त हुए 12 दिन से अधिक हो चुके हैं। 28 अगस्त को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमापुर में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरण के समय पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से कहा था कि बाढ़ समाप्त होते ही सड़कों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाए। इसके बाद भी पीडब्ल्यूडी ने अभी तक सड़कों की मरम्मत का काम शुरू नहीं किया।
अमृतपुर एसडीएम रवींद्र सिंह ने भी पत्र भेजकर सड़कें सही कराने को कहा था। सड़कों की मरम्मत न होने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। जेई वीरबहादुर ने बताया कि निर्माण खण्ड की 23 सड़कें व प्रांतीय खंड की 24 सड़कें बाढ़ से कट गईं हैं। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। अधिशासी अभियंता जोध कुमार ने बताया कि सड़कों की मरम्मत के लिए शासन को पत्र भेजा जा रहा है। बजट मिलते ही काम शुरू हो जाएगा।