फर्रुखाबबाद। कांग्रेस नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने गुरुवार को कहा कि धर्म हम सबको स्वीकार है। सनातन धर्म पर हमको गर्व है। किसी भी मजहब में हिंसा को कोई स्थान नहीं है। हिंदू धर्म में तो कतई हिंसा नहीं है। जो हिंसा का साथ देकर अपने आप को हिंदू कहता है, उसके बारे में हम क्या कहेंगे। लोकतंत्र में अपनी बात कहने का सभी को हक है। संवाद में सभी अपनी बात रखें, ध्यान रहे कि दूसरे को ठेस न लगे।

दरअसल, पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद पार्टी कार्यालय में डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन के दिए हुए बयान पर पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने लोकसभा चुनाव में गठबंधन के दल समाजवादी पार्टी से मिलकर चुनाव लड़ने की बात कही। भारत जोड़ो यात्रा के एक वर्ष पूरा होने के बाद जिले में पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा लालगेट से शुरू होकर भोलेपुर स्थित जिला कार्यालय पर पहुंची। यहां यात्रा का समापन किया गया।

पदयात्रा के बाद कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू हुए पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि लोकसभा चुनाव करीब है। कांग्रेस ने कई दलों के साथ समझौता किया है। गठबंधन में कोई बड़ा और छोटा भाई नहीं है। सब लोग एकसाथ बैठते हैं। जो जमीनी वास्तविकता है, वह किसी से छिपी नहीं हैं। उसपर ध्यान देते हुए मतभेद भुलाकर आपसी विश्वास करते हुए निर्णय किए जाएंगे। प्रदेश में संगठन कमजोर नहीं है। मजबूत संगठन से चुनाव जीता जाता है। प्रदेश में नया अध्यक्ष बना है। कभी संगठन मजबूत होने से चुनाव जीता जाता है, तो कभी चुनाव जीतकर संगठन मजबूत हो जाता है। भाजपा के पास संगठन नहीं था। उसके प्रति लोगों की भावना थी। लोगों के समर्थन से संगठन बनता गया और वह चुनाव जीतते गए। चुनाव जीतने के बाद भी वह सरकार चला नहीं पा रहे हैं।

प्रदेश में यात्रा के प्रभाव को बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा निकली ही नहीं। प्रदेश में महज ढाई दिन मिला था। दोबारा संगठन मजबूत होने के सवाल पर कहा कि उन्हे पूरा विश्वास है कि संगठन मजबूत होगा। इसलिए ही वह यहां पर हैं। पार्टी का भविष्य युवा हैं। ज्यादा से ज्यादा युवाओं को जोड़कर पार्टी को मजबूत करने का काम किया जाएगा।

गठबंधन में बसपा की मौजूदगी की बात पर कहा कि अभी तक कोई बात नहीं हुई है। बसपा भी कुछ बात कर आगे बढ़ेगी। संभावनाएं बहुत हैं, क्या निर्णय होगा वह नहीं कह सकते।



Source link

Verified by MonsterInsights