
G20 Summit
– फोटो : Social Media
विस्तार
16 राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने राष्ट्रपति की ओर से शनिवार को प्रगति मैदान में दिए जा रहे डिनर में शामिल होने के लिए मंजूरी दी है, जबकि नगालैंड, मध्यप्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, ओडिशा व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों ने आने से मना किया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान डिनर में शामिल हो सकते हैं। इसी क्रम में दिल्ली पुलिस ने तीन केंद्रीय मंत्रियों को शुक्रवार को प्रगति मैदान ले जाकर ट्रायल कराया। केंद्रीय मंत्रियों को बताया गया कि कहां एकत्रित होना है और प्रगति मैदान में कहां कैसे जाना है।
वहीं, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू, जितेंद्र सिंह और नित्यानंद राय को प्रगति मैदान ले जाया गया। वे अपनी निजी कारों से आए थे। हालांकि, शनिवार को मंत्रिमंडल व मुख्यमंत्री संसद भवन पर एकत्रित होंगे। यहां से उन्हें बसों से प्रगति मैदान ले जाया जाएगा।
ट्रायल के दौरान प्रगति मैदान में मंत्रियों को बताया गया कि उन्हें बसों से कहां उतरना हैं और कैसे डिनर तक जाना है। इस दौरान मंत्रियों के काफी सवाल थे, जो उन्होंने सुरक्षा अधिकारी व दिल्ली पुलिस अधिकारियों से पूछे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें उसी रूट से प्रगति मैदान जे जाया गया जिस रूट से बसों को प्रगति मैदान जाना है। जिस रूट से उन्हें वापस आना हैं उन्हें उसी रूट से वापस लाया गया।
आईटीसी ग्रुप को राष्ट्रपति के डिनर की जिम्मेदारी-
प्रगति मैदान में शनिवार को राष्ट्रपति की ओर से दिए जा रहे डिनर की जिम्मेदारी आईटीसी ग्रुप को दी गई है। बताया जा रहा है कि इस ग्रुप में 400 तरह के व्यंजन तैयार किए जाएंगे। इसमें कई राज्यों के प्रसिद्ध पकवान शामिल किए गए हैं।