मोहम्मदाबाद। बरामदे में सो रही वृद्धा की लिंटर गिरने से मलबे में दबकर मौत हो गई। सूचना पर राजस्व व पुलिस ने मौके पर जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाली क्षेत्र के गांव धीरपुर के मजरा नगला तिपेड़ा निवासी महिपाल सिंह शाक्य पुश्तैनी मकान में परिवार सहित रह रहे हैं। मकान में ईंटों का लिंटर पड़ा है। छह सितंबर की शाम को सभी लोग खाना खाने के बाद सोने के चले गए। महिपाल की मां लड़ैती देवी (68) कमरे के बाहर बरामदे में चारपाई पर सो गई। रात में लगभग डेढ़ बजे बरामदे का लिंटर भरभराकर लड़ैती देवी के ऊपर गिर गया। आवाज सुनकर पुत्र महिपाल व आस पड़ोस के लोग आ गए।

सभी ने लिंटर के मलबे को हटाकर लड़ैती देवी को बाहर निकाला। परिजन घायल लड़ैती देवी को सीएचसी लेकर गए। वहां डॉक्टर ने उनकी हालत गंभीर देखकर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान लड़ैती देवी की मौत हो गई। परिजन शव को गांव लेकर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस व राजस्व टीम ने मौके पर जांच कर महिपाल व आसपास के ग्रामीणों से जानकारी की। महिपाल व उसके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।



Source link

Verified by MonsterInsights