फर्रुखाबाद। गंगा में मछली पकड़ने गए मामा-भांजे गहरे पानी में डूब गए। आसपास के लोगों ने गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला। लोहिया अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। परिजन शव लेकर घर चले गए। भांजा शोएब 10 दिन पहले मां के साथ ननिहाल में आया था।

कादरीगेट थाने के गांव अमेठी जदीद निवासी मोहम्मद वसीम मंसूरी का पुत्र साजिद (15) और वसीम के भाई मोबीन की बेटी शबीना का पुत्र शोएब (12) गुरुवार दोपहर घर से गंगा किनारे मछली मारने चले गए। बताते हैं कि दोनों मछली पकड़ रहे थे। उसी समय अचानक पैर फिसल गया। इससे दोनों गहरे पानी में समा गए। कुछ देर बाद आसपास के लोगों को दोनों बालक नहीं दिखे, तो शोरगुल करके कुछ गोताखोरों से खोजबीन कराई। करीब तीन बजे दोनों को अचेत अवस्था में बाहर निकाल लिया गया। परिजन लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां साजिद को मृत घोषित कर दिया, जबकि शोएब को बिना जांच कराए ही घर लेकर चले गए। मामा-भांजे की मौत से परिवार और रिश्तेदारों में चीख-पुकार मच गई।

साजिद दो भाई व एक बहन से बड़ा बताया जाता है। भाई समीर, बहन तबस्सुम और मां अफसाना हैं। शोएब अपनी मां शबीना के साथ 10 दिन पहले ही ननिहाल आया था। उसके तीन बहनें आलिया, जोया व अनमता और चार माह का एक भाई भी है। सूचना पर पांचाल घाट चौकी पुलिस भी घर पहुंची और घटना की जानकारी ली। परिजन पोस्टमार्टम से इन्कार कर रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल का भी जायजा लिया।



Source link

Verified by MonsterInsights