फर्रुखाबाद। एक पुराने मकान की खोदाई करते वक्त मिट्टी के बर्तन में कुछ सिक्के बरामद हुए। कुछ लोगों ने सोने के सिक्के निकलने की सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस को वहां तांबे के सिक्के मिले। पुलिस ने इन्हें बरामद कर कब्जे में ले लिया है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला कटरा बू अली निवासी ब्रजबिहारी शुक्ला का काफी पुराना पुश्तैनी मकान है। जर्जर हालत में होने की वजह से उसका मलबा हटवाने का ठेका सरी-सवासी गांव के एक ठेकेदार को दे दिया है। सोमवार दोपहर मजदूर खोदाई कर रहे थे। खुदाई के दौरान उसमें एक मिट्टी का बर्तन मिला। इसमें कुछ सिक्के भरे थे। आसपास के लोगों ने उसे देखते ही सोने के सिक्के होने की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक ठेकेदार मौके से फरार हो गया। वहां पुलिस को 31 सिक्के मिले। पुलिस ने जब उन सिक्कों को साफ किया, तो वह सोने की बजाय तांबे के पाए गए। फिलहाल उन्हें कोतवाली में रख लिया गया है। इसकी लिखित जानकारी भी मकान मालिक से ले ली गई है।