कमालगंज। घर में घुसकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी महिला के चचिया ससुर का चालान कर जेल भेज दिया। शनिवार को मारपीट के बाद दंपती तमंचा लेकर थाने पहुंचे थे।
थाना क्षेत्र के नगरिया देवधरापुर निवासी सपना देवी ने गांव के चचिया ससुर धनीराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कहा कि शनिवार शाम वह व ननद रामादेवी घर पर मौजूद थी। इसी दौरान धनीराम घर आए और पुराने विवाद की रंजिश में गाली-गलौज करने लगे। जब उसने गाली-गलौज करने से मना किया। इस पर वह मारपीट कर कहने लगे कि तुम ज्यादा बोलती हो आज जान से मार दूंगा। इतना कहते ही धनीराम ने गोट में घुसा तमंचा निकाला और जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। नीचे बैठ जाने पर गोली निकल गई। चिल्लाने व गोली चलने की आवाज सुनकर पास में काम कर रहे पति कालीचरन दौड़कर आए। आरोपी को पकड़ कर तमंचा छीन लिया। छीना झपटी में आरोपी नाली में गिर गया। इससे वह घायल हो गया। वह व पति तमंचा और आरोपी को थाने ले गए। पुलिस ने पूछताछ करने के बाद रविवार दोपहर आरोपी का चालान कर दिया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। (संवाद)