फर्रुखाबाद। गोला गोकरननाथ में भोले बाबा पर जलाभिषेक करके लौटते वक्त ट्रैक्टर का पहिया चढ़ने से घायल युवक की मौत हो गई। परिजनों ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

अमृतपुर निवासी गोविंद (24) कपड़ों पर प्रेस करने का काम करता था। वह 21 अगस्त को गांव के ही एक ट्रैक्टर से गोला गोकरननाथ भोलेबाबा के मंदिर में जलाभिषेक करके लौट रहा था। शाहजहांपुर ओवरब्रिज के पास वह लघुशंका के लिए ट्रैक्टर से उतरा। उसी दौरान अचानक ट्रैक्टर पीछे लौट गया। इससे गोविंद का पैर पहिया के नीचे आने से कुचल गया। घायल को पहले लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे बरेली ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने पैर काट दिया। इसके बाद भी उसे कोई आराम नहीं हुआ।

डॉक्टरों की सलाह पर परिजन उसे दिल्ली ले जाने के लिए घर आकर तैयारी कर रहे थे। शनिवार शाम पांच बजे उसकी मौत हो गई। इस पर मां पिंकी, छोटा भाई सूरज और तीन बहनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।



Source link

Verified by MonsterInsights