अमृतपुर। सामाजिक विज्ञान के कुछ पाठ को कविता में बदलने वाली शिक्षिका का चयन राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए हुआ है। राजेपुर क्षेत्र के गौटिया की शिक्षिका को राज्य पुरस्कार सम्मान शिक्षक दिवस पर लखनऊ में मिलेगा।

जनपद कानपुर थाना चकेरी के मोहल्ला श्यामनगर की रहने वाली शिक्षिका आकांक्षा अग्निहोत्री राजेपुर ब्लाॅक के प्राथमिक विद्यालय गौटिया में वर्ष 2016 से सहायक अध्यापक के पद कार्यरत हैं। शिक्षिका का राज्य पुरस्कार के लिए नाम चयनित हुआ है। शिक्षिका ने लखनऊ में राज्य पुरस्कार के लिए हुए साक्षात्कार के समय सामाजिक विज्ञान के कुछ पाठों को गीत के माध्यम से प्रस्तुत किया।

शिक्षिका ने एक निपुण लक्ष्य गीत सुनाया तो प्रदेश स्तर पर सराहना मिली। शिक्षिका के पास स्कूल के इंचार्ज प्रधानाध्यापक की भी जिम्मेदारी है। वे खेल-खेल में बच्चों को पढ़ाने के साथ दुख-दर्द में भी शामिल होती हैं। इसी का नतीजा है कि विद्यालय के अधिकतर बच्चे निपुण हो चुके हैं।

स्कूल में बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए स्मार्ट क्लास भी हैं। मोबाइल, स्मार्ट टीवी, लैपटॉप के माध्यम से शिक्षा दी जाती है। बच्चों को पढ़ाने, बेहतरीन प्रस्तुति के लिए भी वह गीत के माध्यम से सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं। आकांक्षा का कहना है कि खुशियों का पिटारा के नाम से एक ग्रुप बनाया है। इस ग्रुप में लखनऊ, कानपुर, बरेली समेत कई जिलों और दिल्ली, मुंबई आदि प्रदेशों के लोग भी जुड़े हैं। ग्रुप के लोग विद्यालय के बच्चों के लिए अलग-अलग तरह का सहयोग भी करते हैं।

ये मिल चुके हैं सम्मान

शिक्षिका को वर्ष 2019-20 में विधायक नागेंद्र सिंह राठौर के हाथों उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान, स्कूल में बेटियों का नामांकन बढ़ाने पर महिला दिवस पर प्रशस्ति पत्र मिला। वर्ष 2021 में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को जागरूक करने, मेला रामनगरिया में स्वच्छता कार्यक्रम करने पर डीएम मानवेंद्र सिंह से सम्मानित हो चुकी हैं। महाराजा सुहेल देव जयंती समारोह में कविता लेखन में प्रथम पुरस्कार भी उनके नाम रहा। शिक्षक दिवस पर डीएम हाथों सम्मान हासिल हुआ। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 15 अगस्त 2022 को डीएम और बेटी बचाओ अभियान-2022 में शानदार कार्यक्रम पेश कराने में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने सम्मानित किया था।



Source link

Verified by MonsterInsights