शमसाबाद। सूदखोरों से परेशान होकर युवक ने तमंचे से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आठ माह की गर्भवती पत्नी सहित परिजनों का हाल बेहाल हो गया। पुलिस व फाेरेंसिक टीम ने मौके पर पड़ताल कर नमूने लिए। पुलिस ने घटनास्थल से तमंचा व खोखा बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव संतोषापुर के मजरा बवरापुर निवासी बालिस्टर शाक्य का 32 वर्ष का पुत्र सचिन शाक्य जयपुर में प्राइवेट नौकरी करता था। रक्षाबंधन से कुछ दिन पहले वह गांव आ गया था। सचिन नशे का आदी हो चुका था। नशा करने के लिए सचिन ने कई लोगों से रुपये उधार ले रखे थे। सूदखोर रुपये को लेकर सचिन के घर के चक्कर काट रहे थे। दो बहनों की शादी भी सचिन को ही करनी थी। इसके कारण सचिन परेशान था।
शुक्रवार की भोर सचिन ने चारपाई पर लेटे-लेटे तमंचे से कनपटी में सटाकर गोली मार ली। पास की चारपाई पर आठ माह की गर्भवती पत्नी अंजली सो रही थी। गोली की आवाज सुनकर अंजली ने पति को देखा तो वह चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा था। अंजली के शोर मचाने पर परिवार के अन्य लोग एकत्र हो गए।
सूचना पर एसओ बलराज भाटी व फाेरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पड़ताल कर परिजनों से पूरे मामले की जानकारी की। घटनास्थल से तमंचा, खोखा, कारतूस बरामद कर लिया। सचिन भाई आलेश, कुलदीप, धीरज में सबसे बड़ा था। उसकी बहन अंजली, ज्योति की शादी नहीं हुई है। मां सुनीता सहित सभी का रो-रो कर बुरा हाल था। उसके एक पुत्र अर्पित व पुत्री तान्या है।
पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ बलराज भाटी ने बताया कि युवक शराब पीने का आदी हो गया था। उसने कई लोगों से रुपये कर्ज में लिए थे। सूदखोर रुपये वापसी के लिए सचिन के घर के चक्कर काट रहे थे। इससे तंग आकर सचिन ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली है।